जमुई विधानसभा क्षेत्र में आगामी 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से पहले मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान अगहरा बरुअट्टा ग्राम पंचायत के बूथ नंबर 104, खैरी रामपुर महादलित बस्ती में आयोजित किया गया।
महिला पर्यवेक्षिका वंदना कुमारी ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया। उन्होंने बस्ती के लोगों को, विशेषकर ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों को, मतदान के महत्व और 11 नवंबर को होने वाले मतदान की जानकारी दी। उन्हें अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
निकाली मतदाता जागरूकता रैली
जागरूकता बढ़ाने के लिए वंदना कुमारी और सेविकाओं की ओर से क्षेत्र में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रंगोली बनाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। महिलाओं के साथ गोष्ठी आयोजित कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया गया और मतदान करने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस स्वीप मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना कार्यालय जमुई सदर की महिला पर्यवेक्षिका वंदना कुमारी, सेविका बेबी कुमारी और बस्ती के सभी महिला-पुरुषों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

