जमुई की 4 विधानसभा सीटों जमुई, सिकंदरा, झाझा और चकाई पर 11 नवंबर को मतदान होगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 41 प्रत्याशी मैदान में हैं।
DM नवीन कुमार ने बताया कि,जिले में नक्सल समस्या लगभग समाप्त हो चुकी है, जिसके मद्देनजर मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक बढ़ाने का प्रस्ताव चुनाव आयोग को भेजा गया है। प्रशासन ने इस बार 75 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा है।
मतदान की तैयारियां पूरी
इन 4 सीटों में सिकंदरा से 10,जमुई से 12, झाझा से 10 और चकाई से 9 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिले में 12 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला प्रशासन ने मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
DM नवीन कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि, चुनाव कर्मियों के प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा हो चुका है और EVM को डिस्पैच सेंटर में भेजा जा रहा है। छठ पर्व के बाद दूसरे चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस बार पर्याप्त संख्या में अर्धसैनिक बल उपलब्ध कराए जाएंगे।
28 मतदान केंद्रों पर ही मतदान
DM ने बताया कि इस बार कुल 28 स्थानों पर मूल मतदान केंद्रों पर ही मतदान कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, चोरमरा और गुरमाह जैसे दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में पहली बार मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे स्थानीय मतदाताओं में काफी उत्साह है।
प्रशासन का लक्ष्य इस विधानसभा चुनाव में 75 प्रतिशत मतदान कराना है। जिलाधिकारी ने कहा कि हाल ही में चलाए गए SVIP (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) और SAR (स्पेशल समरी रिवीजन) अभियानों के कारण मतदाताओं में जागरूकता और भागीदारी बढ़ी है, जिससे जमुई जिले में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।
60 से अधिक आपराधियों पर कार्रवाई
जमुई के SP विश्वजीत दयाल ने बताया कि, विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस बार जिले में कई ऐसे स्थान होंगे, जहां लोग पहली बार मतदान करेंगे। एसपी ने बताया कि, 60 से अधिक आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, ताकि शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।

