मधुबनी के खजौली थाना क्षेत्र के कन्हौली तुरकहा गांव में बुधवार की सुबह आपसी विवाद में चाचा ने भतीजे पर गोली चला दी। इस गोलीकांड की घटना में भतीजे की गोली लगने से मौत हो गई है। एक महिला घायल हो गई है। स्थानीय अस्पताल के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया। महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया है।
मृतक युवक की पहचान नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। इस घटना का मुख्य कारण जमीनी विवाद है। मालूम हो कि गोली चलने की आवाज सुनकर सभी लोग घर से बाहर निकले, तो देखा कि नरेंद्र सिंह खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा है।
इलाज के दौरान युवक की मौत
इसके बाद गोली लगने से घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए खजौली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही खजौली थाना की पुलिस दलबल के साथ अस्पताल पहुंचकर मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल के लिए भेज दिया । गोली कांड की घटना के संबंध में खजौली थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रखा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मौके से दो खोखा,एक लोडेड पिस्तौल ,चार कारतूस बरामद किया है।

