खगड़िया के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत मड़ैया सहायक थाना क्षेत्र के अररिया गांव से एक युवक का हथियार के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी।
मड़ैया थानाध्यक्ष रिक्की कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के कुल्हरिया गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने सोनू कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
2 दिन पहले रात में आया था गांव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोनू कुमार दो दिन पहले रात के समय लगार निवासी मंटू यादव के साथ अररिया गांव आया था। उस दौरान मंटू यादव अररिया गांव में जेसीबी से मिट्टी कटाई का काम कर रहा था। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोनू कुमार का हथियार के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक के पास दिखाई दे रहा हथियार असली है या नकली, और उसे यह हथियार कैसे प्राप्त हुआ। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे कृत्य कानूनन अपराध की श्रेणी में आते हैं। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो डालना या वायरल करना एक गंभीर मामला माना जाता है।

