जमुई के बरहट थाना क्षेत्र के भरकौआ गांव में भूमि विवाद को लेकर भतीजे सन्नी कुमार यादव ने अपने चाचा विनोद यादव पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस घटना में विनोद यादव के बड़े भाई महादेव यादव और भाभी नीतू देवी पर भी मारपीट का आरोप है।
विनोद को सुबह अस्पताल में भर्ती कराया
घायल विनोद यादव को रविवार सुबह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विनोद यादव ने पुलिस को बताया कि, वे दो भाई हैं। बड़े भाई महादेव यादव अलग रहते हैं, जबकि वे अपने माता-पिता के साथ रहते हैं। पहले दोनों भाई घर बना रहे थे, लेकिन पैसे की कमी के कारण विनोद यादव ने काम रोक दिया था और बड़े भाई महादेव यादव को अपना हिस्सा बनाने के लिए कहा था।
विनोद यादव काम के लिए बाहर चले गए थे। जब वे वापस लौटे और अपने मकान की ढलाई का काम शुरू किया, तो बड़े भाई महादेव यादव ने उन्हें बेवजह रोक दिया। विनोद यादव के अनुसार, उनके पास घर बनाने के संबंधित कागजात भी हैं, इसके बावजूद महादेव यादव, उनके बेटे सन्नी कुमार यादव और भाभी नीतू देवी उन्हें घर बनाने नहीं दे रहे थे।
सिर पर किया वार, कराएंगे मुकदमा
इसी रंजिश के चलते जब विनोद यादव अपने घर के पास बैठे थे, तभी अचानक बड़े भाई, भाभी और भतीजे ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान भतीजे सन्नी कुमार यादव ने चाकू से उनके सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।विनोद यादव ने बताया कि इलाज के बाद वे इस मामले में थाना में आवेदन देकर मुकदमा दर्ज कराएंगे।
बरहट थाना अध्यक्ष कुमार संजीवन ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

