खगड़िया के परबत्ता थाना क्षेत्र स्थित महेशलेट मोड़ के समीप सोमवार सुबह सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मड़ैया बाजार से परबत्ता की ओर आ रही एक सीएनजी ऑटो अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई।
महेशलेट मोड़ के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप ऑटो खाई में जा पलटा।
सिर और सीने में गंभीर चोटें
हादसे में चार यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनकी पहचान मुंगेर निवासी सीताराम सिंह, बैसा निवासी छोटी कुमारी और नीलम देवी, तथा गोछारी निवासी ममता कुमारी के रूप में हुई है। सीताराम सिंह को सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें खगड़िया सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को परबत्ता अस्पताल में भर्ती कराया।
सड़क किनारे सुरक्षा रेलिंग न होने से हादसा
परबत्ता थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे सुरक्षा रेलिंग न होने के कारण इस क्षेत्र में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सुरक्षात्मक उपाय करने की मांग की है।

