जमुई के बरहट प्रखंड स्थित मलयपुर पुलिस लाइन में सोमवार दोपहर हथियार साफ करते समय गोली चलने से एक सीआरपीएफ जवान घायल हो गया। घायल जवान की पहचान 30 वर्षीय दिनेश मरांडी के रूप में हुई है, जो मलयपुर पुलिस लाइन में तैनात हैं। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
कैंप में बंदूक साफ करते टाइम हादसा, मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार दिनेश मरांडी सोमवार दोपहर अपने कैंप में हथियार की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गलती से हथियार से गोली चल गई। गोली उनके एक पैर में लगी और आर-पार निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद जवान को अस्पताल ले जाते साथी जवान।
घायल जवान को अन्य जवानों की मदद से तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने इलाज के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
यह पहली बार नहीं है जब हथियार सफाई के दौरान ऐसी घटना हुई हो। इससे पहले भी इसी तरह की घटनाओं में कुछ जवान और सब-इंस्पेक्टर घायल हो चुके हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले पर जब वहां मौजूद वरिष्ठ सीआरपीएफ जवानों से बात की गई, तो उन्होंने कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया।

