जब से जेडीयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने यादव और मुसलमानों का काम नहीं करने को लेकर बयान दिया है, तब से पटना से लेकर दिल्ली तक की सियासत गरमायी हुई है. इंडिया गठबंधन इसको लेकर हमलावर है, जबकि एनडीए सफाई देने में जुटा है लेकिन बीजेपी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने इस बयान को सही ठहराया है. उन्होंने कहा कि विकास के कार्य करने के बावजूद वोट नहीं मिलने से सांसद का दिल टूटा है. मुझे भी मुसलमानों ने बेगूसराय में वोट नहीं दिया है.
‘मुझे भी मुसलमानों का वोट नहीं मिला’:बुधवार को गिरिराज सिंह दिल्ली रवाना होने के दौरान मीडिया से बात की. गिरिराज सिंह ने भी अपनी पीड़ा को बतायी है. गिरिराज सिंह ने कहा कि मुसलमान ने हमें भी वोट नहीं दिया है. जबकि जितनी भी योजनाएं हैं उसमें पूरी तरह से सभी को लाभ मिलता है. किसी समाज या जाति को नहीं देखा जाता है. बावजूद इसके अगर कुछ लोग साजिश के तहत ऐसा कर रहे हैं तो वह ठीक नहीं है।
सीतामढ़ी से नवनिर्वाचित सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने एक बयान दिया जिसमें उन्होंने कहा कि वे मुसलमानों के लिए काम नहीं करेंगे. दरअसल देवेश चंद्र ठाकुर सीतामढ़ी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय से सभी वर्गों के लिए काम किया लेकिन मुसलमानों ने उन्हें वोट नहीं दिया. उन्होंने कहा कि “अगर कोई मुसलमान आते हैं तो उन्हें चाय पानी पिलाउंगा, मिठाई खिलाउंगा लेकिन उनके लिए काम नहीं करूंगा.”

