जमुई में शुक्रवार को होने वाली विधानसभा चुनाव की मतगणना के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में शुक्रवार को अवकाश घोषित कर दिया है।
गुरुवार शाम चार बजे जिलाधिकारी नवीन ने इस संबंध में आदेश जारी किया। इसके तहत सभी सरकारी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ निजी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में शुक्रवार को शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय मतगणना कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा को रोकने के लिए लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले निजी कोचिंग संचालकों और शिक्षण संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने मतगणना केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की भी जानकारी दी है।

