जमुई के गरही थाना क्षेत्र के लूसी टाड़ इलाके में सोमवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को खैरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से जख्मी कारू रविदास को जमुई सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
घायलों में एक पक्ष से हरि कुमार, पवन कुमार और जागेश्वर रविदास शामिल हैं। दूसरे पक्ष से कारू रविदास और मुकेश रविदास घायल हुए हैं। यह विवाद करीब 80 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था।
घायल का अस्पताल में चल रहा इलाज।
मिर्ची पाउडर फेंककर लाठी से किया हमाल
जागेश्वर रविदास ने आरोप लगाया है कि यह जमीन उनकी है और कई बार पंचायत होने के बावजूद दूसरा पक्ष इसे मानने को तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह जब वे अपने खेत में हल चला रहे थे, तभी कारू रविदास और मुकेश रविदास ने उन पर मिर्ची पाउडर फेंककर लाठी, डंडे और तलवार से हमला कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष ने खेत में जबरन झोपड़ी बना ली है।
वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि जागेश्वर रविदास के बेटे ने भी उन पर हमला किया और लाठी-डंडे से पिटाई की। दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना मालिकाना हक होने का दावा कर रहे हैं। घटना की सूचना गरही थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

