नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत लगमा नहर स्थित बाबा मंदिर के पास शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद हाई वोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया। मायके जाने की जिद को लेकर पति और पत्नी के बीच सड़क पर करीब तीन घंटे तक जोरदार तू-तू, मैं-मैं होती रही, जिससे मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ में शामिल कई लोगों ने दोनों को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।
स्थिति बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने विवाद कर रहे दंपति को शांत कराया और टाउन थाना ले गई। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों ने छह महीने पहले प्रेम विवाह किया था।
सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती दो साल तक चली और फिर संबंध विवाह में बदल गया। युवक ने अपनी पहचान जमुई के चौडीहा निवासी अजय मिस्त्री के पुत्र कन्हैया शर्मा के रूप में बताई, जबकि युवती ने खुद को झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल निवासी रफीक शेख की पुत्री मुस्कान शर्मा बताया। मुस्कान ने पुलिस को बताया कि 24 नवंबर को उसके भाई की शादी है और शादी के बाद से वह अब तक मायके नहीं गई है।
उसने कहा कि परिवार में पहले कुछ नाराजगी थी, लेकिन अब सब ठीक हो गया है और मायके वाले उसे शादी में बुला रहे हैं। इसके बावजूद उसके ससुराल वाले मायके जाने नहीं दे रहे। मुस्कान ने सास-ससुर पर मारपीट का भी आरोप लगाया। वहीं कन्हैया शर्मा ने बताया कि वह दो दिनों से जमुई नगर परिषद क्षेत्र के लगमा गांव में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी घर से निकलकर सड़क पर हंगामा करने लगी।

