खगड़िया के परबत्ता थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में खीराडीह वार्ड नंबर 5 निवासी 48 वर्षीय अनिल साह और उनकी 13 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में उनकी 11 वर्षीय छोटी बेटी लक्ष्मी कुमारी को भी हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, अनिल साह अपनी दोनों बेटियों के लिए ठंड के कपड़े खरीदने परबत्ता बाजार जा रहे थे। ठूठी गांव के पास पहुंचते ही, एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित टोटो ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिता और बड़ी बेटी पूजा सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परबत्ता पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, अनिल साह का पैर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि पूजा कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों घायलों का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज रफ्तार और लापरवाह टोटो चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

