जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित जिला क्रिकेट लीग के सुपर डिवीजन ग्रुप के दूसरे मुकाबले में बुधवार को जेएनकेटी स्टेडियम में वाईसीसी खगड़िया ने डीसीसी गोगरी को रोमांचक मुकाबले में 12 रन से पराजित किया। टॉस जीतकर वाईसीसी खगड़िया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में 9 विकेट खोकर 255 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की जीत की नींव कप्तान राजा विशाल ने रखी, जिन्होंने शानदार 85 रनों की पारी खेली। उनके अलावा विश्वजीत गोपाला ने 46, गौतम कुमार ने 38, राहुल कुमार ने 35 तथा सूरज कुमार ने 25 रनों का उपयोगी योगदान दिया।
डीसीसी गोगरी की ओर से प्रियांशु और अभिषेक ने 2-2 विकेट, कुंदन निषाद ने 2 विकेट जबकि अवसार और विवेक ने 1-1 विकेट चटकाए। जवाब में उतरी डीसीसी गोगरी की टीम 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 35 ओवर में पूरे 243 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कुंदन निषाद ने 66, पीयूष कुमार ने 60 तथा सौरव कुमार ने 40 रनों की लड़ाकू पारी खेली, लेकिन जीत तक नहीं पहुंचा सके। शिवम कुमार 18 और विवेक कुमार 13 रन बनाकर आउट हुए।
वाईसीसी खगड़िया की गेंदबाजी में साजन कुमार ने घातक प्रदर्शन करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। नीरज कुमार ने 3 जबकि भारत और गौतम यादव ने 1-1 विकेट लिया। अपनी शानदार गेंदबाजी के लिए साजन कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के मुख्य अंपायर बिनोद झा व सुदर्शन कुमार रहे, वहीं स्कोरर की जिम्मेदारी सौरव कुमार ने संभाली।
मैच के दौरान जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष बिनोद कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार, कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार, खिलाड़ी प्रतिनिधि रजनीश कुमार, वरिष्ठ खिलाड़ी रोहित सिन्हा, पंकज कुमार, विक्की आर्या, रौशन कुमार, खगड़िया क्रिकेट क्लब के सचिव राजेश कुमार तथा कोच करमवीर कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति मैदान पर मौजूद रहे। संघ के सचिव देवराज कुमार ने यह जानकारी दी। संघ के अध्यक्ष एवं परबत्ता विधायक डॉ. बाबूलाल शौर्य ने बताया कि लीग का अगला मुकाबला गुरुवार 27 नवंबर को यूथ क्रिकेट क्लब खगड़िया और लर्निंग क्रिकेट एकेडमी जूनियर के बीच इसी मैदान पर खेला जाएगा।

